17 को “ईट राईट मिलेट मेले ” का आयोजन

सहायक आयुक्त (खाद्य)// अभिहित अधिकारी ने बताया कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में मिलेट्स की उपयोगिता दिन-प्रतिदिन सर्वमान्य होती जा रही है। जहाँ वर्तमान में प्रचलित अनाज यथा गेहूं, चावल के प्रयोग से उच्च रक्तचाप, मधुमेह जैसे रोग आम हो गये हैं, वहीं मिलेट्स अर्थात मोटे अनाज यथा ज्वार, बाजरा, कोदो, कंगनी, मंडुआ, रागी, भांगर आदि का प्रयोग स्वास्थ्यवर्धक साबित हो रहा है। यूनाइटेड नेशन्स जनरल एसेम्बली (UNGA) द्वारा वर्ष 2023 को अन्तराष्ट्रीय मिलेट वर्ष के रूप में मनाये जाने का निर्णय लिया गया है, जिसके कम में भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा आम जन को मिलेट के स्वास्थ्य लाभ व गुणवत्ता के सम्बन्ध में जागरूक करने हेतु विभिन्न स्थानों पर ईट राईट मिलेट मेला के आयोजन का निर्णय लिया गया है।तत्क्रम में भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, भारत सरकार, नई दिल्ली, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, वाराणसी व हिन्दुस्तान यूनीलीवर के सहयोग से जनपद- वाराणसी में दिनांक 17.12. 2022 को समय 10:00 AM से उदय प्रताप कालेज, वाराणसी के मैदान में “ईट राईट मिलेट मेला” आयोजित होना है, जिसका उद्घाटन मा० मंत्री जी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन व आयुष, उ०प्र० सरकार द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में किया जाना है। उक्त कार्यक्रम में आयुक्त वाराणसी मण्डल, जिलाधिकारी वाराणसी, अपर आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन एवं कार्यपालक निदेशक भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
उक्त मेले में नुक्कड़ नाटक, क्विज व अन्य माध्यमों से आम जन को मिलेट्स व उसके स्वास्थ्य सम्बन्धी लाभों के प्रति जागरूक किया जायेगा। इसमें विभिन्न संस्थानों द्वारा मिलेट्स के अनेक स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रदर्शन किया जायेगा जो आम जन हेतु भी उचित मूल्य पर उपलब्ध होगा। इस अवसर पर त्वरित जॉच के माध्यम से मिलावट की जॉच कर मिलावट के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिये खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की खाद्य सचल प्रयोगशाला (F.S.W.) के माध्यम से आमजन को जागरूक भी किया जायेगा।

About Author

error: Content is protected !!