एसएसपीजी में 1005 एलपीएम आक्सीजन प्लान्ट से पूरे चिकित्सालय में आक्सीजन की सप्लाई हो रही है
वाराणसी। मण्डलीय अपर निदेशक/प्रमुख अधीक्षक श्री शिव प्रसाद गुप्त मण्डलीय जिला चिकित्सालय ने बताया कि चिकित्सालय में दो ऑक्सीजन प्लाण्ट हैं। जिसमें एक 960 एलपीएम का प्लाण्ट इण्डियन ऑयल कारपोरेशन के माध्यम से एवं 1005 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लाण्ट रिलायंस फाउण्डेशन के माध्यम से स्थापित हैं।
उन्होंने बताया कि जिसमें से 960 एलपीएम का प्लान्ट खराब होने पर उसकी सूचना तत्काल इण्डियन ऑयल कारपोरेशन लिo को दे दिया गया तथा एजेन्सी द्वारा उक्त प्लान्ट का शुक्रवार को सर्विस हेतु निरीक्षण करते हुये जो कुछ सामान खराब है, को अपने कम्पनी से लाकर लगाने हेतु अवगत कराया गया। जबकि चिकित्सालय में स्थापित 1005 एलपीएम आक्सीजन प्लान्ट से पूरे चिकित्सालय में आक्सीजन की सप्लाई हो रही है, जिससे मरीजों को कोई भी असुविधा नही है।
चिकित्सा अधीक्षक, ईएसआईसी अस्पताल ने बताया कि ईएसआईसी अस्पताल पाण्डेयपुर को कोविड-19 के दौरान दो मेडिकल ऑक्सीजन प्लाण्ट प्रदान किये गये थे। एक 613 एलपीएम क्षमता का ऑक्सीजन प्लाण्ट सी०एस०आर० के तहत रिलायंस फाउण्डेशन द्वारा (ऐरोक्स
टेक्नोलॉजी लिमिलेड निर्मित) स्थापित किया गया था, जो कि सुचारू रूप से संचालित है और इसके माध्यम से पर्याप्त ऑक्सीजन की आपूर्ति उपलब्ध है। दूसरा 500 एलपीएम क्षमता का प्लाण्ट इजराईल द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय सहायता के तहत जिला प्रशासन के माध्यम से प्राप्त हुआ था, जिसके लिए भारत में किसी भी संस्था को उसकी तकनीकी जानकारी न होने के कारण मरम्मत का कार्य करने को तैयार नहीं हुई। इसके लिये ईएसआईसी मुख्यालय दिल्ली को भी सूचित किया गया हैं। उन्होंने बताया कि ईएसआईसी अस्पताल वर्तमान में एआरएम एजेंसी मेसर्स उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम लिमिटेड को इस ऑक्सीजन प्लाण्ट को मरम्मत करके शीघ्रातिशीघ्र उसका संचालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है। हाल में ही राज्य/जिला प्रशासन द्वारा अधिकृत एजेंसी के टेक्नीशियन ने मौखिक रूप से इजराइल द्वारा प्रदत्त ऑक्सीजन प्लाण्ट को रिपेयर कर पाने में असमर्थता व्यक्त की हैं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, एलबीएस, चिकित्सालय, रामनगर अस्पताल में लगे ऑक्सीजन प्लांट के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि चिकित्सालय में 120 एलपीएम ऑक्सीजन प्लाण्ट जो वर्ल्ड हिन्दू काउंसिल ऑफ अमेरिका द्वारा डोनेट किया गया था, खराब है। इसके मरम्मत के लिए प्लाण्ट को इंस्टाल करने वाले इंजीनियर प्रदीप कुमार से सम्पर्क करने के उपरान्त उनकी सलाह पर मेसर्स पैसेफिक कन्सोलिडेटेड इन्डस्ट्रीज रीवर साईड कैलीफोनिर्या को ठीक कराने के लिए पत्राचार किया गया है। मरम्मत कराने की कार्यवाही सम्बन्धित फर्म द्वारा न किये जाने की सूचना से महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवायें को दी गयी है। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, हाथीबाजार अधीक्षक ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के ऑक्सीजन प्लाण्ट के ड्रायर में तकनीकी समस्या थी, जिसे ऑक्सीजन प्लाण्ट के मॉकड्रिल से पहले ही सही करा लिया गया था। वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हाथीबाजार का ऑक्सीजन प्लाण्ट पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रहा है एवं अस्पताल के वार्ड में सभी बेड पर ऑक्सीजन की आपूर्ति सुचारू रूप से हो रही है। मॉकड्रिल के दौरान ऑक्सीजन प्लाण्ट पूरी क्षमता के साथ चला एवं प्रत्येक बेड पर ऑक्सीजन की पर्याप्त पूर्ति रही।