मुंबई: ध्यान से देखिए… आज हुआ है एक भयावह कांड का खुलासा! बात कर रहे है आदर्श कॉलोनी की मशहूर रेखा, जया और सुषमा के कारनामों की। अब इस कांड की पूरी पोल खोलते हुए नेटफ्लिक्स ने अपनी नई फिल्म ‘माँ-बहन’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। यह एक मजेदार और ज़बरदस्त क्राइम-कॉमेडी है, जहां झूठ पर झूठ बोला जाता है, शक बढ़ता जाता है और एक उलझा हुआ मां-बेटी का परिवार अपने सबसे बड़े कांड से बचने की कोशिश करता है। क्या है ये कांड और किसने किया ये कांड- सब पता चलेगा 4 जून को सिर्फ नेटफ्लिक्स पर।
अबंडंशिया एंटरटेनमेंट और ओपनिंग इमेज फिल्म्स के साथ मिलकर बनाई गई इस फिल्म का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है। यह कहानी एक ऐसे उलझी हुई मां-बेटी की तिकड़ी की कहानी है, जो एक लाश को छिपाने की कोशिश करती है। इसी बीच उन्हें अजीब हालात, टांग अड़ाने वाले पड़ोसी और अपने ही अनोखे परिवार की उलझनों का सामना करना पड़ता है। फिल्म में रेखा के किरदार में माधुरी दीक्षित, जया के रोल में तृप्ति डिमरी, सुषमा के किरदार में धारणा दुर्गा, गुप्ताजी के रोल में रवि किशन, गुप्ताइन के किरदार में गीतांजलि कुलकर्णी, माहेश्वरी के रोल में अरुणोदय सिंह और मानस के किरदार में शार्दुल भारद्वाज नजर आएंगे।
ट्रेलर में रेखा, जया और सुषमा की जिंदगी में मची पूरी अफरा-तफरी दिखाई गई है, जो पहले से ही एक-दूसरे को झेलने में परेशान हैं और तभी उनकी जिंदगी में सबसे बड़ा हादसा हो जाता है। रेखा जी के घर में है एक डेड बॉडी! आखिर क्या हुआ था उस रात? इसके बाद शुरू होता है घबराहट, राज़ छिपाने की कोशिश, इमोशनल ड्रामे और कई मजेदार लेकिन अजीब फैसलों का ज़बरदस्त रोलरकोस्टर। फुल तबाही…मगर चाय की चुस्की के साथ!