जीएसटी में राहत, इनपुट टैक्स क्रेडिट का रिफंड और पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने की मांग; सरकारी परियोजनाओं के ठेकेदारों को राहत देने की सिफारिश
दिल्ली : निर्माण, बुनियादी ढांचा और रियल एस्टेट क्षेत्र की वित्तीय चुनौतियों को दूर करने के लिए बिल्डर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) ने केंद्र सरकार से व्यापक कर सुधारों की मांग की है। एसोसिएशन ने केंद्रीय वित्त मंत्रालय को केंद्रीय बजट 2027-28 के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष करों से संबंधित बजट पूर्व ज्ञापन सौंपा है। इसमें जीएसटी की जटिलताओं को दूर करने, कर अनुपालन का बोझ घटाने, ठेकेदारों के भुगतान में देरी की समस्या सुलझाने और कारोबार के लिए पर्याप्त नकदी उपलब्ध कराने जैसे सुझाव दिए गए हैं।
बीएआई के अध्यक्ष रवींद्र त्यागी ने सरकार से उद्योग की मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि निर्माण और बुनियादी ढांचा क्षेत्र देश की आर्थिक वृद्धि, रोजगार सृजन और पूंजी निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में उद्योग के लिए सरल, पारदर्शी और व्यावहारिक कर व्यवस्था जरूरी है। इससे निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और आवास तथा बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी।
सरकारी ठेकेदारों के लिए जीएसटी में राहत की मांग
बीएआई ने विशेष रूप से सरकारी और सरकारी एजेंसियों की परियोजनाओं में काम करने वाले ठेकेदारों की समस्याएं उठाई हैं। एसोसिएशन ने बिना इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के वैकल्पिक 5 प्रतिशत कंपोजिशन योजना शुरू करने का सुझाव दिया है। साथ ही ठेकेदारों को वास्तविक भुगतान मिलने के आधार पर जीएसटी चुकाने की सुविधा देने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि सरकारी परियोजनाओं में भुगतान मिलने में अक्सर देरी होती है, जबकि ठेकेदारों को इससे पहले ही जीएसटी का भुगतान करना पड़ता है। इससे उनकी कार्यशील पूंजी फंस जाती है और आर्थिक दबाव बढ़ता है।
पेट्रोल-डीजल को जीएसटी में लाने का सुझाव
एसोसिएशन ने इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर के कारण जमा होने वाले अतिरिक्त इनपुट टैक्स क्रेडिट के रिफंड की व्यवस्था करने की भी मांग की है। इसमें इनपुट सेवाओं पर मिलने वाले आईटीसी को भी शामिल करने का सुझाव दिया गया है। इसके अलावा पेट्रोल, डीजल और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों को जीएसटी के दायरे में लाने की सिफारिश की गई है, ताकि निर्माण और बुनियादी ढांचा क्षेत्र को इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ मिल सके और करों के दोहरे प्रभाव को कम किया जा सके।
वित्त मंत्रालय की ओर से आयोजित बजट पूर्व परामर्श बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) की सदस्य वत्सला झा ने की। बैठक में वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। बीएआई के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष रवींद्र त्यागी के अलावा प्रत्यक्ष कर समिति के अध्यक्ष सीए तरुण घिया, अप्रत्यक्ष कर समिति के अध्यक्ष सीए एम. रवींद्रन, कार्यकारी सचिव राजू जॉन और दिल्ली कार्यालय के समन्वयक सीए संजय चौधरी शामिल थे।
देशभर में 280 से अधिक केंद्रों के माध्यम से 25 हजार से ज्यादा व्यावसायिक संस्थाओं और अप्रत्यक्ष रूप से 1.50 लाख से अधिक सदस्यों का प्रतिनिधित्व करने वाली बीएआई ने उम्मीद जताई कि सरकार बजट में इन सुझावों को शामिल करेगी। इससे निर्माण उद्योग की वित्तीय परेशानियां कम होंगी और देश के बुनियादी ढांचे के विकास को गति मिलेगी।