मुंबई: एचडीएफसी बैंक मजबूत बुनियादी आधार, ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण, प्रौद्योगिकी आधारित कार्यप्रणाली, विस्तृत वितरण नेटवर्क और निरंतर नवाचार के बल पर आने वाले वर्षों में और बेहतर व्यावसायिक परिणाम देने के लिए तैयार है। यह बात एचडीएफसी बैंक के अंशकालिक अध्यक्ष एवं अतिरिक्त (स्वतंत्र) निदेशक राजीव कुमार ने बैंक की 32वीं वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए कही।उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव, ऊर्जा बाजार में व्यवधान और आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की अर्थव्यवस्था 7.6 प्रतिशत की दर से बढ़ी, जबकि भारतीय रिजर्व बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 6.6 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि का अनुमान व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मजबूत घरेलू मांग, बुनियादी ढांचे में निरंतर निवेश, अर्थव्यवस्था का तेजी से औपचारीकरण और अनुकूल जनसांख्यिकीय स्थिति भारत की सतत आर्थिक वृद्धि का मजबूत आधार हैं।राजीव कुमार ने कहा कि एचडीएफसी बैंक मूल रूप से मजबूत है और उसकी बैलेंस शीट सुदृढ़ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति जारी रहेगी और किसी भी विचलन से दृढ़ता तथा त्वरित गति से निपटा जाएगा।उन्होंने कहा कि बैंक ग्राहकों और शेयरधारकों के विश्वास को सर्वोच्च महत्व देते हुए अपनी मजबूत नींव पर आगे बढ़ेगा और उच्चतम स्तर के कॉरपोरेट गवर्नेंस, सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के मानकों को बनाए रखेगा।