मुंबई: पाँच पड़ोसी, दस दोस्त और ढेर सारी मस्ती। नेटफ्लिक्स ने ‘चुंबक’ का ट्रेलर जारी किया है। चुंबक’ का प्रीमियर 10 सितंबर को सिर्फ नेटफ्लिक्स पर होगा । यह एक ऐसी मजेदार और दिल को खुश करने वाली पारिवारिक कॉमेडी है, जिसमें अलग-अलग उम्र के लोग एक ही मोहल्ले में रहते हैं। कहानी में दिखाया गया है कि जब मोहल्ले में हर कोई एक-दूसरे को जानता हो, तो रोजमर्रा की जिंदगी में कितनी मस्ती और हलचल होती है। ‘चुंबक’ को हैट्स ऑफ प्रोडक्शन ने बनाया है, जिसने लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ और ‘खिचड़ी’ जैसे पसंदीदा शो दिए हैं। इस सीरीज को आतिश कपाड़िया ने लिखा और निर्देशित किया है। इसके निर्माता जमनादास (जेडी) मजेठिया और आतिश कपाड़िया हैं। नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज हेड तान्या बामी ने कहा, “कॉमेडी हमेशा से परिवारों को एक साथ जोड़ने का एक अच्छा माध्यम रही है। हमने देखा है कि नेटफ्लिक्स पर दर्शक इन शो को परिवार के साथ देखना कितना पसंद करते हैं। ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’, ‘मामला लीगल है’ और ‘सिंगल पापा’ जैसे शो ने हमारे कॉमेडी कंटेंट को अलग-अलग अंदाज दिए हैं। ‘चुंबक’ के साथ हम इस सफर को और आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हैं। एक अच्छी मोहल्ले की कॉमेडी में कुछ ऐसा होता है, जो तुरंत अपना-सा लगता है। आपको ये किरदार जाने-पहचाने लगते हैं, परिस्थितियां अपनी जिंदगी जैसी लगती हैं और हंसी इसलिए आती है क्योंकि सब कुछ बहुत वास्तविक लगता है। ‘चुंबक’ इसी बात को खूबसूरती से दिखाता है। इसमें परिवार सिर्फ घर की चार दीवारों तक सीमित नहीं है, बल्कि पड़ोसी, रिश्तेदार और आसपास के लोग भी परिवार का हिस्सा बन जाते हैं। पड़ोसियों, रिश्तेदारों और रिश्तों से जुड़ी रोजमर्रा की छोटी-बड़ी हलचल ही इस शो में हंसी-मजाक का कारण बनती है। हमारे लिए इस शो को खास बनाने वाली बात जेडी मजेठिया और आतिश कपाड़िया के साथ काम करने का मौका है। कॉमेडी को देखने और उसे पेश करने का उनका अंदाज बिल्कुल अलग है। रोजमर्रा की जिंदगी की छोटी-छोटी बातों में भी मजेदार पहलू ढूंढने की उनकी खास कला है। उन्होंने वर्षों से ऐसे कई पसंदीदा शो और कहानियाँ दी हैं, जिनसे बड़ी संख्या में दर्शक जुड़े हुए हैं। उनका यह खास अंदाज नेटफ्लिक्स पर कॉमेडी की दुनिया को और बड़ा करने और दर्शकों से एक नए और अलग तरीके से जुड़ने का हमें मौका देता है।”