रोगियों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं सहित समस्त व्यवस्थाओं का लिया जायजा
देश के विकास एवं समृद्धि की सूचक भारतीय रेल का निरंतर गतिशील चक्र तभी अपनी उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य कर सकता है जब रेलकर्मी मानसिक एवं शारीरिक रूप से पूर्ण स्वस्थ होंगे I अतः इस प्रकार के अनेक अति महत्वपूर्ण बिन्दुओं को ध्यान में रखते हुए एवं अपने रेलकर्मियों को उच्च गुणवत्तापरक चिकित्सकीय सुविधाएँ स्वास्थ्य प्रदान कराने हेतु आज दिनांक 20.12.22 को मंडल रेल प्रबंधक ,श्री सुरेश कुमार सपरा ने लखनऊ स्थित मंडलीय चिकित्सालय का गहनतापूर्वक निरीक्षण किया I अपने आज के इस निरीक्षण के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक ने चिकित्सालय पहुंचकर क्रमबद्ध रूप से अपना निरीक्षण करते हुए रोगियों के परीक्षण संबंधी उपकरणों ,जांच संबंधी प्रयोगशालाओं ,मरीज़ों को देखने के सम्बन्ध में निर्धारित कार्यप्रणाली,दवाओं की उपलब्धता एवं निर्धारित समय पर दवाओं को रोगियों को प्राप्त कराया जाना ,अस्पताल की स्वच्छता,एच.आई. एम. एस.( हास्पिटल मैनेजमेंट इन्फार्मेशन सिस्टम) द्वारा मिलने वाली सुविधाओं जिसमें क्यू आर कोड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन ,दवा पर्ची ,अनुपलब्ध दवाओं की लोकल परचेज व जांच रिपोर्ट इत्यादि के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करने जैसी व्यवस्थाओं को परखा तथा आकस्मिक चिकित्सा आवश्यकताओं की दिशा में निर्धारित व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया I इसके अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक ने स्टोर्स में दवाओं के रखरखाव ,कार्यालयों में अभिलेखों की जांच ,अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों तथा पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति इत्यादि को भलीभांति चेक किया तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं का जायजा भी लिया तथा इन समस्त व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए इस सम्बन्ध में अपने सुझाव एवं निर्देश पारित किये I इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने अस्पताल में भर्ती रोगियों में मिलकर उनका हाल चाल लिया एवं उनसे बातचीत करते हुए अस्पताल के प्रति उनकी अपेक्षाओं को जाना I
मंडल रेल प्रबन्धक ने इन समस्त स्थितियों से अवगत होते हुए निरीक्षण के अगले चरण में चिकित्सालय में आयोजित एक समीक्षा मीटिंग में सम्मिलित होकर अपने निरीक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी के आधार पर समस्त स्थितियों का आंकलन करते हुए संबंधितों को इस सम्बन्ध में अपने आवश्यक सुझाव एवं निर्देश पारित किये एवं चिकित्सालय द्वारा रोगियों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं में निरंतर संवर्धन एवं आधुनिक तकनीकों का समावेश करते रहने की प्रतिबद्धता पर विशेष बल दिया I इस निरीक्षण कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री वी.एस.यादव, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक,श्री कुमार उमेश सहित अन्य चिकित्साधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे I