कोलकाता: देश के मुख्य बाजारों में सीमेंट की कम कीमतों के बावजूद बिरला कॉर्पाेरेशन लिमिटेड ने जून तिमाही में एबिटिडा में लगभग 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। तिमाही के लिए कंपनी का कंसोलिडेटड राजस्व 9.3 प्रतिशत बढ़कर 2,425 करोड़ रुपये हो गया, क्योंकि मात्रा के हिसाब से सीमेंट की बिक्री पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 12.2 प्रतिशत बढ़कर 4.41 मिलियन टन हो गई। तिमाही के लिए एबिटिडा 314 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान अवधि में 274 करोड़ रुपये था और इसमें 14.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई।काफी अधिक डेप्रीसिएशन और ब्याज लागत के कारण तिमाही के लिए कंसोलिडेटेड शुद्ध लाभ 60 करोड़ रुपये पिछले वर्ष (62 करोड़ रुपये) की तुलना में थोड़ा कम था। नकद लाभ साल-दर-साल 6.5 प्रतिशत बढ़कर 217 करोड़ रुपये हो गया, जिसका मुख्य कारण बिक्री में सुधार और बिजली और ईंधन की लागत में भारी कमी लाने में सफलता मिली है।
बिरला कॉरपोरेशन ने तिमाही के लिए 91 प्रतिशत की क्षमता उपयोग हासिल किया, जो इंडस्ट्री में बेस्ट में से एक था। कंपनी की सहायक कंपनी, आरसीसीपीएल प्राइवेट लिमिटेड, अपने 3.9 मिलियन टन-मुकुटबन प्लांट में लगातार उत्पादन बढ़ा रही है, जिसे एक साल पहले चालू किया गया था। जैसा कि अनुमान लगाया गया था कि यूनिट दक्षिणी मध्य प्रदेश, गुजरात और तेलंगाना जैसे नए बाजारों में तेजी से प्रवेश कर रही है। जून तिमाही में मुकुटबन से डिस्पैच क्रमिक रूप से 21 प्रतिशत तक बढ़ गया।
मुकुटबन प्लांट के चालू होने के साथ, बिरला कॉरपोरेशन ने अपने प्लांट्स के बीच उनकी भौगोलिक स्थिति के कारण रणनीतिक तालमेल बनाया है। अपने मुख्य बाजारों की 360-डिग्री कवरेज के साथ, कंपनी अपने ग्राहकों को अधिक कुशलता से सेवा देने के लिए खास स्थिति में है। मुकुटबन इकाई ने नए बाजारों में प्रवेश करने के अवसर पैदा किए हैं, और आने वाले दिनों में मिलने वाले तालमेल के साथ, कंपनी को उम्मीद है कि उसकी लाभप्रदता में काफी सुधार होगा।हालांकि जून को छोड़कर (कंपनी के मुख्य बाजारों के कुछ हिस्सों में बेमौसम बारिश और बाढ़ के कारण) सीमेंट की मांग मजबूत थी, लेकिन कीमतें आम तौर पर नरम रहीं। इसका असर बिरला कॉर्पाेरेशन के मुख्य बाजारों पर पड़ा और जून तिमाही के लिए प्रति टन प्राप्ति पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 2.4 प्रतिशत कम 5,183 रुपये थी। हालांकि, ईंधन लागत में कमी के कारण प्रति टन एबिटिडा 2.9 प्रतिशत बढ़कर 664 रुपये हो गया।
बिजली और ईंधन की लागत, जो पिछले वित्तीय वर्ष में असामान्य रूप से अधिक थी, कम होने लगी है। जून तिमाही में सीमेंट उत्पादन के लिए प्रति टन बिजली और ईंधन की लागत में साल-दर-साल 19 प्रतिशत की गिरावट आई है, और आने वाले महीनों में इसके और कम होने की उम्मीद है। क्रमिक रूप से, बिजली और ईंधन की लागत में 16.3 प्रतिशत की कमी आई है।
इसके साथ ही, कंपनी रिन्यूएबल एनर्जी की अपनी खपत को बढ़ा रही है, जिसकी कुल बिजली खपत में हिस्सेदारी जून तिमाही के लिए 23.1 प्रतिशत थी-जो कंपनी के लिए एक रिकॉर्ड हाई है। जून तिमाही में, कंपनी ने सतना में 5 मेगावाट का सौर ऊर्जा प्लांट चालू किया, जिससे कुल सौर ऊर्जा क्षमता 41.2 मेगावाट हो गई। कंपनी की वेस्ट हीट रिकवरी सिस्टम (डब्ल्यूएचआरएस) क्षमता 43.35 मेगावाट है।
जून तिमाही के लिए कुल लागत में क्रमिक रूप से और साल-दर-साल 3 प्रतिशत की गिरावट आई। मुकुटबन में, जून तिमाही में उत्पादन लागत में साल-दर-साल 48 प्रतिशत और क्रमिक रूप से 3 प्रतिशत की गिरावट आई। लागत कम करने की यह प्रवृत्ति आने वाली तिमाहियों में भी जारी रहने की उम्मीद है, जबकि कंपनी योजना के अनुसार आने वाले समय में मुकुटबन में उत्पादन बढ़ाएगी।विशेष लीक-प्रूफ बीटीएपी रैक के माध्यम से फ्लाई ऐश के परिवहन में काफी वृद्धि हुई है, और यह लागत बचत में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।प्रीमियम उत्पादों पर बिरला कॉरपोरेशन के निरंतर फोकस के परिणामस्वरूप पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में बिक्री में मात्रा के हिसाब से 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सभी भौगोलिक क्षेत्रों में प्रीमियम सीमेंट की बिक्री में पर्याप्त वृद्धि देखी गई। एमपी बिरला सीमेंट पोर्टफोलियो के भीतर, परफेक्ट प्लस ने खुद को प्रमुख नेशनल ब्रांड के रूप में स्थापित किया है। जून तिमाही में इसकी बिक्री साल-दर-साल 38 प्रतिशत तक बढ़ी। बिजनेस चैनल के माध्यम से मात्रा के हिसाब से प्रीमियम उत्पादों की बिक्री 54 प्रतिशत रही, जबकि एक साल पहले यह 47 प्रतिशत थी।जैसे-जैसे मानसून अपने आखिरी दौर के करीब पहुंच रहा हैं, कंपनी को बुनियादी ढांचे और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं पर निरंतर सरकारी खर्च के मद्देनजर कीमतों में कोई महत्वपूर्ण गिरावट की उम्मीद नहीं है।आगे बढ़ते हुए, कंपनी लागत को अधिक तर्कसंगत बनाने, हाई रियलाइजेशन वाले भौगोलिक क्षेत्रों में प्रीमियम उत्पादों की बिक्री बढ़ाने, रूट-टू-मार्केट ऑप्टिमाइजेशन और लीडरशिप बेंच की ताकत और गहराई बढ़ाने पर अपना निरंतर जोर बनाए रखेगी।जूट डिविजनः टाट के कपड़े की मांग कम होने के कारण जूट डिविजन के लिए यह तिमाही कठिन रही। जून तिमाही में नकद लाभ, अन्य आय सहित 6.38 करोड़ रुपये, 25.1 प्रतिशत कम था। हालांकि डिविजन साल-दर-साल शॉपिंग बैग के निर्यात में 65 प्रतिशत तक सुधार करने में कामयाब रहा, लेकिन विदेशी बिक्री से राजस्व 19.3 प्रतिशत कम होकर 16.14 करोड़ रुपये रहा। डिविजन का इरादा लाभप्रदता बढ़ाने के लिए वैल्यूएडेड उत्पादों पर ध्यान केंद्रित करने का है।