जयपुर। आभूषण उद्योग की अग्रणी और तेजी से उभरती कंपनी मोतीसंस ज्वैलर्स लिमिटेड ने 11 जून 2026 को आयोजित अपनी बोर्ड बैठक में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट के तहत 150 करोड़ रुपये जुटाने के लिए 13,57,46,600 इक्विटी शेयरों के आवंटन को मंजूरी दी। इन शेयरों का इश्यू प्राइस 11.05 रुपये प्रति इक्विटी शेयर निर्धारित किया गया।कंपनी ने यह शेयर पात्र क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स को आवंटित किए हैं। आवंटियों में प्रमुख विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक पाइन ओक ग्लोबल फंड, मिंट फोकस्ड ग्रोथ फंड पीसीसी-सेल 1, सेंट क्या कैपिटल फंड और नोवा ग्लोबल अपॉर्च्युनिटीज फंड़ पीसीसी-टचस्टोन शामिल हैं। इसके अलावा कॉम्पैक्ट स्ट्रक्चर फंड तथा टाइगर स्ट्रेटेजीज फंड-1 जैसे वैकल्पिक निवेश फंड को भी शेयर आवंटित किए गए हैं।
इससे पहले कंपनी ने 31 मार्च 2026 को समाप्त तिमाही और वित्तीय वर्ष के लिए मजबूत वित्तीय परिणाम घोषित किए थे। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का कुल राजस्व 49,583.69 लाख रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7.12 प्रतिशत अधिक है। वहीं कंपनी का कर पश्चात लाभ बढ़कर 6,370.77 लाख रुपये पहुंच गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 के 4,317.11 लाख रुपये की तुलना में 47.57 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है। कंपनी का प्रति शेयर आय 0.65 रुपये दर्ज किया गया।
मोतीसंस ज्वैलर्स लिमिटेड पिछले दो दशकों से अधिक समय से ज्वेलरी रिटेल क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति बनाए हुए है। कंपनी सोने, हीरे, कुंदन तथा अन्य बहुमूल्य एवं अर्द्ध-बहुमूल्य रत्नों से निर्मित आभूषणों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध कराती है। इसके अतिरिक्त कंपनी मोती, चांदी, प्लेटिनम और अन्य धातुओं से बने उत्पादों के साथ-साथ सोने-चांदी के सिक्के, बर्तन और विभिन्न सजावटी वस्तुएं भी ग्राहकों को प्रदान करती है।
लगभग 25 वर्षों के सफल अनुभव के साथ मोतीसंस ज्वैलर्स ने अपने ब्रांड ‘मोतीसंस’ को देशभर में एक विश्वसनीय पहचान दिलाई है। कंपनी की उत्पाद श्रृंखला में एंटीक फिनिश, मोती, कुंदन और डायमंड ज्वैलरी के आकर्षक संग्रह शामिल हैं। कंपनी की सबसे बड़ी विशेषता इसके अनुभवी डिजाइनरों की टीम है, जो ग्राहकों की बदलती पसंद और आधुनिक ट्रेंड्स को ध्यान में रखते हुए लगातार नए और विशिष्ट डिजाइन विकसित करती रहती है।
कंपनी के पास वर्तमान में 3 लाख से अधिक डिजाइनों का विशाल पोर्टफोलियो है, जो विभिन्न बजट और ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करता है। इसके उत्पाद विवाह समारोह, पारिवारिक एवं व्यक्तिगत अवसरों, फैशन इवेंट्स, त्योहारों, दैनिक उपयोग तथा बच्चों और पुरुषों के लिए विशेष कलेक्शन जैसी विविध आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किए जाते हैं।