मुंबई: के-पॉप और भारतीय संगीत के प्रशंसकों को एक ही मंच पर अपने पसंदीदा कलाकारों को देखने का मौका मिलेगा। वीवर्स कॉन फेस्टिवल इंडिया ने अपने पहले संस्करण में शामिल होने वाले कलाकारों की सूची जारी कर दी है। यह फेस्टिवल 27 और 28 मार्च, 2027 को नई दिल्ली में होगा। पहली बार इसका आयोजन दक्षिण कोरिया के बाहर किया जा रहा है।
दो दिन चलने वाले इस फेस्टिवल में के-पॉप और दुनिया भर के कई कलाकार प्रस्तुति देंगे। इनमें बमज़ू, दयंग, एनहाइपेन, एरिक नाम, ह्वासा, मशहूर ग्लोबल गर्ल ग्रुप कैट्सआई की लारा, ली ह्यून, ले सेराफिम, रिया राज और टुमॉरो एक्स टुगेदर शामिल हैं।
फेस्टिवल में भारत के कई जाने-माने और नए दौर के संगीत कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। इनमें जीनी, किंग, रांज एक्स क्लिफर, रेबल और डीजे ज़ेलो शामिल हैं। अलग-अलग तरह के संगीत और कलाकारों को एक मंच पर लाने वाला यह फेस्टिवल भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय संगीत का मेल होगा।
हाइब इंडिया और बुकमायशो लाइव मिलकर भारत में इस फेस्टिवल का आयोजन करेंगे। हाइब और वीवर्स शुरुआत से ही इस फेस्टिवल से जुड़े रहे हैं। किया इंडिया, मास्टरकार्ड, प्रोजेक्ट बी और सैमसंग गैलेक्सी इसके मुख्य पार्टनर होंगे, जबकि नोंगशिम एसोसिएट पार्टनर के तौर पर जुड़ेगा।
हाइब इंडिया के बिजनेस डेवलपमेंट हेड सार्थक अरोड़ा ने कहा, “भारतीय प्रशंसक कई सालों से के-पॉप का अहम हिस्सा रहे हैं। उन्होंने हमारे कलाकारों का साथ दिया है, उनके संगीत को पसंद किया है और ऐसा समुदाय बनाया है, जो हर पीढ़ी के साथ बढ़ता जा रहा है। वीवर्स कॉन फेस्टिवल पहली बार दक्षिण कोरिया से बाहर भारत में आयोजित हो रहा है। इसके माध्यम से हम अपने कलाकारों और भारतीय प्रशंसकों को एक-दूसरे से मिलने और करीब आने का मौका देना चाहते हैं। हमारे कलाकार भी उन प्रशंसकों से मिलने के लिए उत्साहित हैं, जो दूर रहकर भी उनका साथ देते आए हैं। अब वे स्क्रीन से परे, आमने-सामने प्रशंसकों का उत्साह महसूस कर सकेंगे। हम चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा प्रशंसक इस फेस्टिवल का हिस्सा बन सकें। यह उन प्रशंसकों के प्यार और लगातार मिल रहे साथ के लिए उन्हें कुछ खास देने की हमारी कोशिश है, जो वे सालों से हमारे कलाकारों को देते आए हैं। यह फेस्टिवल कलाकारों और प्रशंसकों के साथ मिलकर तय किए गए सफर का जश्न है। यहाँ उन्हें एक-दूसरे से मिलने और भारत के के-पॉप समुदाय के लिए इस खास मौके का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा।”
बुकमायशो के लाइव इवेंट्स के चीफ बिज़नेस ऑफिसर नमन पुगलिया ने कहा, “के-पॉप ने दुनिया भर में अपनी पहचान बनाई है और आज की पीढ़ी ने इसे जिस तरह अपनाया है, वह खास है। फेस्टिवल में शामिल कलाकारों की सूची भी इसकी लोकप्रियता को दिखाती है। इसमें पहले से मशहूर कलाकारों के साथ ऐसे कलाकार भी हैं, जो आने वाले समय में संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाएँगे। भारत में इन सभी को एक मंच पर देखना खास अनुभव होगा। हाइब इंडिया के साथ मिलकर बुकमायशो लाइव इस फेस्टिवल को उसी स्तर और तैयारी के साथ भारत ला रहा है, जिसके लिए यह दुनिया भर में जाना जाता है। भारतीय प्रशंसक लंबे समय से के-पॉप को पसंद करते आए हैं। यह फेस्टिवल भारतीय प्रशंसकों के प्यार और उत्साह के बदले उन्हें एक खास अनुभव देने की हमारी कोशिश है।”
एनहाइपेन अपने खास अंदाज के संगीत के साथ फेस्टिवल में प्रस्तुति देगा। के-पॉप के अनुभवी कलाकार ली ह्यून अपने भावुक गानों से दर्शकों का दिल जीतेंगे। ले सेराफिम अपनी दमदार आवाज और जोश से भरी प्रस्तुति देगा, जबकि टुमॉरो एक्स टुगेदर अपने अलग-अलग तरह के गानों से भारतीय प्रशंसकों का मनोरंजन करेगा। ये कलाकार के-पॉप में आ रहे बदलावों और दुनिया भर में इसकी बढ़ती लोकप्रियता को सामने लाएँगे।
सेवेंटीन के संगीत के लिए काम कर चुके मशहूर संगीत निर्माता बमज़ू इस बार नए अंदाज में नजर आएँगे। दयंग अपने आत्मविश्वास और बेबाक अंदाज से मंच पर समाँ बाँधेंगी, वहीं एरिक नाम भारतीय प्रशंसकों के साथ अपने पुराने जुड़ाव के बाद एक बार फिर भारत लौटेंगे। ह्वासा अपनी दमदार मौजूदगी और खास अंदाज से दर्शकों का दिल जीतेंगी। कैट्सआई की लारा दुनिया भर में पॉप संगीत की नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करेंगी, जबकि रिया राज अपनी खास भव्य शैली और जोश से भरी प्रस्तुति से फेस्टिवल में एक अलग रंग जोड़ेंगी।
भारतीय कलाकारों की सूची में देश के संगीत जगत के जाने-माने और उभरते हुए नाम शामिल हैं। जीनी, भारतीय हिप-हॉप में अपनी पहचान बना चुके किंग, रांज एक्स क्लिफर, रेबल और डीजे ज़ेलो अपनी प्रस्तुतियों से आज के भारतीय संगीत की विविधता दिखाएँगे। इनमें हिप-हॉप, इंडी और इलेक्ट्रॉनिक संगीत की अलग-अलग शैलियाँ सुनने को मिलेंगी।
मास्टरकार्ड कार्डधारक 27 अक्टूबर से टिकट्स की प्री-सेल में टिकट खरीद सकेंगे। इसके बाद 30 अक्टूबर से सभी के लिए टिकट्स की बिक्री शुरू होगी। टिकट्स केवल बुकमायशो के माध्यम से खरीदे जा सकेंगे।
टिकट्स की जानकारी, फेस्टिवल से जुड़े नए अपडेट और आगे की घोषणाओं के लिए प्रशंसक इंस्टाग्राम पर हाइब इंडिया, वीवर्स ज़ोन कम्युनिटी और बुकमायशो लाइव को फॉलो कर सकते हैं।