बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में आज चारों नए श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन के संबंध में प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी की अध्यक्षता में सभी विभागों के नामित नोडल अधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई।बैठक के दौरान विशेष रूप से ठेका श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा, वेतन भुगतान तथा कल्याणकारी सुविधाओं से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। ठेका श्रमिकों के लिए ईपीएफ/ईएसआईसी (EPF/ESIC), समय पर एवं निर्धारित दर के अनुसार वेतन भुगतान, वेतन पर्ची, उपस्थिति, श्रमिकों के पंजीकरण तथा अन्य वैधानिक एवं कल्याणकारी प्रावधानों के अनुपालन की आवश्यकता पर बल दिया गया।बैठक के दौरान निर्देश दिया गया कि बरेका में कार्यरत सभी ठेका श्रमिकों से संबंधित संविदाओं में चारों नए श्रम कानूनों—मजदूरी संहिता , 2019, औद्योगिक संबंध संहिता, 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 तथा व्यवसायिक सुरक्षा स्वास्थ्य एवं कार्यदशायाँ संहिता 2020— के प्रावधानों का प्रभावी रूप से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।सभी विभागीय नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभाग में कार्यरत ठेका श्रमिकों एवं ठेकेदारों के संबंध में आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन करते हुए सामाजिक सुरक्षा, वेतन भुगतान, कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं कल्याण संबंधी सभी वैधानिक प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें।बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि नए श्रम कानूनों के अनुपालन की नियमित निगरानी एवं समीक्षा की जाएगी तथा संबंधित विभाग अपने स्तर से अनुपालन की स्थिति को अद्यतन रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।बैठक में सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि बरेका में चारों नए श्रम कानूनों का पूर्ण, प्रभावी एवं समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।बैठक में मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/सर्विस इंजीनियर एवं प्रधान नियोक्ता श्री विपुल सिंह,मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री जितेंद्र अग्रवाल, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय)श्री समीर पॉल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे ।